पिहानी (हरदोई)। महमूदपुर सरैयां गांव में डेढ़ सप्ताह पहले फैले संक्रामक रोगों पर लगाम नहीं लग पा रही है। उल्टी दस्त से मासूम की मौत हो गई, जबकि कई लोग बीमार हैं। इनमें दो को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बच्चेे की मौत के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से एक टीम गांव भेजी गई है।
ज्ञात हो कि महमूदपुर सरैयां गांव में लगभग डेढ़ सप्ताह पहले संक्रामक रोगों ने दस्तक दी थी। तब कई लोगों के बीमार होने की खबर पर अधीक्षक डा. पीएन पुरवार ने स्वास्थ्य टीम भेज कर दवाइयोें का वितरण व कुओं का विक्रमण करवाया था। शुक्रवार को एक बार फिर गांव में संक्रामक रोगों के फैलने की खबर से दहशत फैल गई। हसन अब्बास का बारह वर्षीय पुत्र मोहम्मद उल्टी-दस्त का शिकार हुआ। परिजन उसे लेकर अस्पताल ला रहे थे, पर रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसके अलावा उल्टी दस्त की शिकार निगार फातिमा (30), हसन (5), उजरा (6), राबिया बेगम (40) व शाहीन फातिमा (25) व अलीना (5 वर्ष) भी उल्टी और दस्त आने से अचेत हो गईं।
इनमें निगार व व अलीना को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया है। अधीक्षक डा. पीएन पुरवार ने बताया कि संक्रामक रोग फैलने की सूचना पर तत्काल एक टीम डा. वैभव जायसवाल के नेतृत्व में गांव भेजी गई। टीम ने एक मरीज को अस्पताल भेजा और गांव के बीस कुओं को विसंक्रमित किया है। डा. पुरवार के अनुसार जिस बच्चे की मृत्यु हुई है, उसे डायरिया की शिकायत नहीं थी। दूसरा बच्चा जो अस्पताल भेजा गया है उसे सूखा रोग की शिकायत थी। इनका इलाज किया जा रहा है।