हरदोई। बेरोजगारों को भत्ता देने के लिए शुरू किए गए पंजीकरण को लेकर एक बार फिर से सेवायोजन कार्यालय पर गहमागहमी शुरू हो गई है। तेज धूप और मूसलाधार बारिश की परवाह किए बगैर लोग सुबह से ही सेवा योजन कार्यालय पर लाइन लगाने लगते हैं। कई बार तो लोग धूप में लाइन लगाने के कारण गश खाकर बेहोश भी हो चुके हैं। इन दिनों सेवायोजन कार्यालय में आवेदन फार्म जमा कराए जा रहे हैं जबकि नए पंजीकरण भी हो रहे हैं। बताते चलें कि आवेदन फार्म जमा करने और पंजीकरण कराने के लिए कुल छह काउंटर हैं जिन पर इस कदर भीड़ सुबह से जुट जाती है कि लोगों को पैर रखने को भी जगह नहीं मिलती है। इतना ही नहीं सेवायोजन कार्यालय पर इतनी अनियमितता हावी है कि कभी तो काउंटर दस बजे खुल जाते हैं लेकिन कभी 11 बजे तक काउंटर नहीं खुलते हैं ।
इंसेट
60 से 70 रुपए में बिक रहे फार्म
हरदोई। सेवायोजन कार्यालय पर जहां अभी तक रजिस्ट्रेशन फार्म फ्री में दिया जा रहा था वहीं फार्म अब 60 से 70 रुपए में बिक रहा है। फार्मों की बिक्री के लिए कार्यालय के बाहर आस्थाई दुकानों के फड़ भी लग चुके हैं। जिन पर रजिस्ट्रेशन फार्म बिकने के साथ ही सरकारी की बेरोजगारी भत्ता की घोषणा वाले पंफलेट भी दिए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि जहां अभी रजिस्ट्रेशन फार्मों पर कोई टिकट नहीं लग रहा था उन्हीं पर अब टिकटों की भरमार दिखाई दे रही है।