हरदोई। मंगलवार को अतिक्रमण अभियान स्थगित रखने के निर्णय के बाद भी दोपहर बाद अचानक पुलिस बल के साथ पालिका कर्मियों ने जेल रोड से लेकर स्टेशन रोड पर अतिक्रमण साफ कराया। गत दिन की तरह आज भी जेल रोड से लेकर जिंदपीर चौराहे के आस पास बुलडोजर गरजते रहे।
इस संबंध में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय मिश्रा ने बताया कि वैसे तो मंगलवार को तहसील दिवस के चलते अतिक्रमण हटाओ अभियान स्थगित रखने का निर्णय लिया गया था, मगर मंगलवार की सुबह पता चला कि सोमवार को जिंदपीर चौराहे एवं रेलवेगंज में साफ कराए गए अतिक्रमण के बाद आज फिर से पटरी दुकानें लगी हैं, जिसके चलते दोपहर के समय कुछ देर के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
उन्होेंने बताया कि पूरे शहर को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा और इसके लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान चलता रहेगा। आज अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान पालिका कर्मियों के साथ शहर कोतवाल वीके मिश्र मौके पर पुलिस के साथ डटे रहे तथा उनकी देखरेख में अतिक्रमण हटवाया गया। अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर मंगलवार को नुमाइश चौराहे के आस पास के मार्गों पर दुकानें लगाए पटरी व्यापारियों द्वारा स्वयं दुकानें आदि हटाने का काम किया गया।