हरदोई। ग्राम प्रधान पर विकास कार्य व मनरेगा के कार्यों में अनियमितता की शिकायत होने पर डीएम के निर्देश पर जांच तो करा दी गई, पर जांच अधिकारी की रिपोर्ट पर शिकायत कर्ता ने फिर सवाल उठा दिए। इस पर डीएम ने दोबारा जांच कराने के आदेश दे दिए। साथ ही जांच अधिकारी को भी बदल दिया है।
सांडी के ग्राम घटकना की प्रधान उपमा देवी पर मनरेगा के कार्यों में हेरफेर तथा फर्जी कार्डों पर मजदूरी निकालने की शिकायत ग्राम पंचायत सदस्य व ग्रामीणों ने की थी। इस मामले में डीएम ने डीपीआरओ को जांच कराने के निर्देश दिए थे। डीएम के आदेश पर डीपीआरओ ने जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी को जांच को नामित कर रिपोर्ट देने को पत्र जारी कर दिया। नामित जांच अधिकारी ने प्रधान के कार्यों की जांच कर 12 सितंबर 12 को रिपोर्ट दे दी। जांच रिपोर्ट शिकायत कर्ताओं को भेजी गई, तो वह लोग जांच रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं दिखे और जांच रिपोर्ट पर भी सवाल उठाने लगे।
उन्होंने एक बार फिर डीएम को शपथ पत्र से शिकायत कर दी। इस पर डीएम ने प्रधान की जांच एक बार फिर करने के निर्देश दिए। हालांकि, इस बार डीएम ने तकनीकी जांच कराने के आदेश दिए। डीएम के इसी आदेश पर इस बार जांच अधिकारी भी दूसरे को नामित किया गया। डीपीआरओ ने तकनीकी जांच के उद्देश्य से जिला कृषि अधिकारी को जांच अधिकारी तथा सहयोगी के रूप में आरईएस जेई सांडी नासिर खां को नामित किया हैै। डीएम ने नामित अफसरों से 15 दिन में जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।