सहपऊ/हाथरस। सहपऊ में भी बिजली संकट से गुस्साए कसबा वासियों ने 33 केवी बिजलीघर का घेराव कर लिया। ग्रामीणों ने यहां जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी पिछले दो दिन से कसबे में बिजली न आने से नाराज थे। पुलिस ने इन्हें लोगों का समझा-बुझाकर शांत कराया। कसबा सहपऊ में 8 दिन पहले 400 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंक गया था, जिसे अधिकारियों ने बदलवा दिया, लेकिन लगने के बाद से ही इस ट्रांसफार्मर में लगातार गड़बड़ी आ रही है। आए दिन इस ट्रांसफार्मर में फॉल्ट आने और फ्यूज उड़ने से बिजली ठप हो रही है, जिससे कस्बावासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दो दिन पहले यह ट्रांसफार्मर पूरी तरह फुंक गया, लेकिन अभी तक इसकी जगह नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया है। ट्रांसफार्मर न लगने से दो दिन से कसबा वासी बिना बिजली के रह रहे हैं। बिना बिजली के उनके रोजमर्रा के कामकाज भी चौपट होकर रह गए हैं। मंगलवार को काफी लोग सहपऊ बिजलीघर पर पहुंच गए और वहां बिजली अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सूचना मिलने पर पुलिस फोर्स भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस की मौजूदगी में बिजलीघर पर मौजूद कर्मियों ने अधिकारियों से बात करने के बाद आश्वासन दिया कि बुधवार को ट्रांसफार्मर बदलवा दिया जाएगा। उसके बाद ही ग्रामीण वहां से हटे।