हाथरस। हाथरस जंक्शन से करीब 30 किमी दूर गांव बरवाना के जैन मंदिर में इन-दिनों एक अजीब-ओ-गरीब नजारा देखने को मिल रहा है। जैन मंदिर की दीवार की दरारों में पिछले दो दिनों से केसरिया रंग का पानी रिस रहा है, जबकि दीवारों के आस-पास पानी का कोई स्रोत भी नहीं है। देखने वालों ने काफी पड़ताल की, लेकिन इन दीवारों के आस-पास ऐसा कुछ नहीं मिला, जिससे पानी के रिसाव की संभावना बने। लोग यह नजारा देखकर हैरान रह गए हैं। लोग यह दृश्य देखने के लिए बड़ी संख्या में बरवाना पहुंच गए।
हाथरस और अलीगढ़ से भी जैन समाज के काफी लोग इस हकीकत को देखने बरवाना के जैन मंदिर पहुंचे। अलीगढ़ के प्रसिद्ध जैनाचार्य राकेश भैयाजी ने भी बरवाना पहुंचकर यह दृश्य देखा और उसके बाद हाथरस में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने इसे चमत्कारिक घटना करार दिया। लोगों ने उन्हें बताया कि रविवार की देर रात दीवारों से पानी का रिसाव अचानक बंद हो गया था। लोगों ने एक कलश पानी भरकर रख लिया था, लेकिन आज सुबह उसमें एक चम्मच ही पानी रह गया और दीवार से फिर से पानी रिसना शुरू हो गया।
उन्होंने कहा कि बरवाना का यह जैन मंदिर 525 साल पुराना है। 8 साल पहले उन्होंने इस मंदिर का जीर्णोद्धार कराया था। मंदिर में भगवान पार्श्वनाथ की प्रतिमा विराजमान हैं। इस मौके पर उमाशंकर जैन, संजीव जैन, सुमतप्रकाश जैन, मोहनलाल जैन, राकेश जैन, अनिल कुमार जैन, सुधीर जैन, संजय जैन आदि अनेक लोग मौजूद थे।