कृपया दो नंबर फाइल निरस्त कर दें---
हाथरस। शहर के रामबाग इंटर कॉलेज में 27 फरवरी को विभिन्न योजनाओं के तहत 1 करोड़ 17 लाख 30,000 हजार रुपये वितरित किए जाएंगे। जिले के प्रभारी और सूबे के दुग्ध विकास राज्य मंत्री राममूर्ति वर्मा बेरोजगारी भत्ता, पढ़ें बेटियां-बढ़ें बेटियां और हमारी बेटी-उसका कल योजना के तहत अल्पसंख्यक छात्राओं को आर्थिक मदद के चेक वितरित करेंगे। समारोह की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। डीएम संयुक्ता समद्दर ने मंगलवार की शाम को सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करके कार्यक्रम की तैयारियों का खाका तैयार किया।
पढ़ें बेटियां-बढ़ें बेटियां योजना से माध्यमिक स्कूलों से हाईस्कूल पास कर 11वीं में पढ़ने वाली बीपीएल एवं अंत्योदय परिवारों की छात्राओं को 30-30 हजार रुपये के चेक जिला विद्यालय निरीक्षक वितरण कराएंगे। यह मदद इन छात्राओं को आगे की पढ़ाई के लिए दी जाती है। इसी तरह अल्पसंख्यक वर्ग की छात्राओं को हमारी बेटी-उसका कल योजना के तहत 30-30 हजार रुपये के चेक अल्पसंख्यक कल्याण विभाग वितरित कराएगा। अल्पसंख्यक लड़कियों को भी यह मदद बेहतर तालीम हासिल करने के लिए दी जा रही है, जबकि सेवायोजन विभाग की ओर से बेरोजगारी भत्ते में तीन महीने की दूसरी किस्त के रूप में 3-3 हजार रुपये के चेक बेरोजगारों को बंटवाए जाएंगे। डीएम ने सभी अधिकारियों को जल्द से जल्द मदद के चेक तैयार कराने के आदेश दिए हैं। इस मौके पर सीडीओ रामधनीराम, डीआईओएस राजेश कुमार, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी वीपी सिंह व सेवायोजन अधिकारी भी मौजूद थे।
चयनित छात्राओं की सूची कराई गई चस्पा
पढ़ें बेटियां-बढ़ें बेटियां योजना में 1077 बालिकाओं ने आवेदन किए। इन आवेदनों के साथ लगे बीपीएल एवं अंत्योदय राशन कार्डों का जिलाविद्यालय निरीक्षक ने ब्लॉक से सत्यापन भी करा लिया है। जिसके बाद चयनित पात्र छात्राओं की सूची भी जीजीआईसी के नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दी गई है। जिनमें जो भी आपत्ति प्राप्त होंगी। उन आपत्तियों का जिला स्तरीय समिति के सामने रखकर निस्तारण भी शनिवार तक करा लिया जाएगा। जिसके बाद सभी 254 छात्राओं को यह पैसा समारोह में सांकेतिक चेक देकर उनके बैंक खातों में हस्तांतरित कर दिया जाएगा।
किस योजना के तहत कितनी मदद
-1.17 करोड़ रुपये से ज्यादा की बांटी जाएगी मदद
-250 बेरोजगारों को बांटे जाएंगे बेरोजगारी भत्ते के 3-3 हजार रुपये के चेक।
-254 छात्राओं को मिलेंगे पढ़ें बेटियां-बढ़ें बेटियां योजना से 30-30 हजार रुपये के चेक।
-112 अल्पसंख्यक छात्राओं को हमारी बेटी- उसका कल योजना से मिलेंगे 30-30 हजार रुपये के चेक