हाथरस। डॉ. बीआरए विश्वविद्यालय की वेबसाइट ने विद्यार्थियों और कॉलेज प्रशासन को परेशान कर रखा है। विवि की वेबसाइट हैंग होने से कॉलेज प्रशासन को विवि के निर्देशों और अन्य जानकारियां हासिल नहीं हो रही। विद्यार्थी भी विवि फॉर्म न भरे जाने से परेशान हैं। विवि का यह सत्र भी लेट होने की आशंका है। अगर लेट एग्जाम हुए तो लेट ही रिजल्ट आएगा और मार्कशीट उपलब्ध होंगी।
विवि प्रशासन ने अभी तक स्नातक द्वितीय, तृतीय वर्ष तथा स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष के विवि फॉर्म विद्यार्थियों से नहीं भरवाए हैं और न ही इस प्रकार का कोई आदेश आया है। कॉलेज प्रशासन भी इस बात से काफी परेशान है कि अभी तक विवि फॉर्म नहीं भरे गए, क्योंकि विवि फॉर्म इस बार ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया है। कॉलेज प्रशासन को भी इस प्रक्रिया में काफी समय लगता है। वहीं, स्नातकोत्तर के रेगुलर विद्यार्थी मार्कशीट न आने से परेशान हैं। विवि प्रशासन ने अभी तक स्नातकोत्तर की रेगुलर मार्कशीट कॉलेज प्रशासन को उपलब्ध नहीं कराई हैं। इससे काफी विद्यार्थी परेशान हैं। कॉलज में एडमिशन नहीं हो रहे और अन्य संस्थानों में भी बिना मार्कशीट के एडमिशन नहीं हो पा रहे।
विवि की वेबसाइट हैंग होने से काफी दिक्कत आ रही है। सत्र बीता जा रहा है और अभी तक कई संकायों की विवि फॉर्म नहीं भरे गए और स्नातकोत्तर की किसी भी संकायों की मार्कशीट उपलब्ध नहीं हुई हैं। इससे विद्यार्थी भी काफी परेशान हैं।
--डॉ. रश्मि रेखा पांडेय, प्राचार्य आरडी गर्ल्स डिग्री कॉलेज