हाथरस। आम बजट 2012-13 का काउंट डाउन शुरू हो चुका है। पूरे देश के साथ हाथरवासियों ने भी इस बजट से ढेरों उम्मीद लगा रखी हैं। गुरुवार को पेश होने जा रहे आम बजट पर शहर के हर वर्ग की टकटकी लगी है। बजट से इस बार भी सबसे ज्यादा उम्मीद आम आदमी, व्यापारी वर्ग, नौकरी पेशा और महिलाओं को है। महंगाई से जूझता आदमी रोटी, कपड़ा और मकान सस्ता होने की आस लगाए हुए है, महिलाओं को रसोई का बजट बिगड़ने की चिंता सता रही है। व्यापारी वर्ग को टैक्सों के बोझ से राहत की उम्मीद है तो नौकरी पेशा भी चाहते हैं कि बजट के बाद आम जरूरत की चीजें सस्ती हो जाएं। युवाओं को बजट से नौकरियों की सौगात निकलने की उम्मीद है तो छात्रों को पढ़ाई-लिखाई के लिए सरकारी मदद की घोषणा की दरकार है। वह चाहते हैं कि सरकार कुछ ऐसी घोषणाएं करें, जिससे गरीब होनहार विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई आसान हो जाए। सभी को उम्मीद है कि चुनाव से पहले पेश होने जा रहे इस बजट से उनके लिए कुछ न कुछ जरूर निकलेगा।