हाथरस। जिले के सभी छह कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय परिसर में ही अब राजकीय हाईस्कूल बनेंगे। ताकि कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों में पढ़ने वाली इन निर्धन परिवारों की बालिकाओं को हाईस्कूल तक की शिक्षा दिलाई जा सके। इन सभी स्कूलों के प्रोजेक्ट राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत तैयार कर परियोजना कार्यालय के लिए भेजे गए हैं।
राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत भी अब जिले में माध्यमिक शिक्षा के स्तर में सुधार के प्रयास शुरू हो गए है। अब तक अभियान के तहत जिले में छह राजकीय हाईस्कूल एवं पांच मॉडल स्कूलों की स्वीकृति के बाद तीन के पूर्ण हो चुके हैं। जबकि बाकी के निर्माण कार्य अंतिम दौर में चल रहे हैं। अभियान के आगामी बजट में अब जिले के सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में राजकीय हाईस्कूल निर्माण का निर्णय लिया गया है।
इससे कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं को कक्षा आठ तक की शिक्षा ग्रहण करने के बाद ड्रॉप आउट न होना पडे़। इन विद्यालयों में पढ़ने वाली बालिकाओं को हाईस्कूल तक की शिक्षा दिलाई जा सके। इन विद्यालयों को उच्चीकृत करने के प्रस्ताव भी पूर्व में परियोजना ने तैयार कराए थे, लेकिन अब इन विद्यालयों को उच्चीकृत करने के बजाय इन विद्यालयों में राजकीय हाईस्कूल बनाने के प्रस्ताव भेजे गए हैं। इससे जिले में बालिका शिक्षा के स्तर में सुधार हो सके।
---
राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में राजकीय हाईस्कूल का निर्माण करने के लिए प्रोजेक्ट तैयार कराया गया है। जिससे स्वीकृति के बाद निश्चित ही इन विद्यालयों में पढ़ने वाली बालिकाओं को हाईस्कूल तक की शिक्षा आसानी से मिल सकेगी।
राजेश कुमार वर्मा, डीआईओएस