हाथरस। शहर के गेस्ट हाउस श्रीराम गार्डन में हुई महिला की हत्या की गुत्थी अब और ज्यादा उलझती जा रही है। उक्त महिला के पति ने जहां अज्ञात लोगों के खिलाफ लूट और हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वहीं उसके परिजनों ने पुलिस अधिकारियोें से मिलकर यह आशंका जाहिर की है कि उसके पति ने ही उसकी हत्या की है। इधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम में मृतका के गले के अंदर कपड़ा भी निकला है। उल्लेखनीय है कि शहर के अलीगढ़ रोड स्थित एक गेस्ट हाउस श्रीराम गार्डन में दो दिन पहले शादी समारोह के दौरान एक महिला की हत्या कर दी गई थी। उसका शव बाथरूम मेें मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची थी। मृतका के पति लव कुमार तिवारी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी पत्नी की हत्या अज्ञात लोगों ने की है और जेवरात भी लूटे हैं। अब इस ब्लाइंड मर्डर में नई बातें भी सामने आ रही हैं। सीओ सिटी आरएस चौहान की माने तो मृत महिला साधना के परिजन अब यह आशंका जाहिर कर रहे हैं कि कहीं उसके पति ने ही तो उसकी हत्या नहीं की। उनका कहना है कि साधना के परिजन उनसे इसे लेकर मिले भी हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस मौत का कारण दम घुटना बताया गया है। यही नहीं मृतका के गले से एक कॉटन का कपड़ा भी निकला है। इससे ऐसा प्रतीत होता है कि जैसे वारदात के समय उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा गया हो और वह गले में अंदर चला गया हो।