सिकंदराराऊ। कस्बा के एक युवक और युवती घर से माल-मत्ता लेकर निकले तो अलग दुनिया बसाने के लिए थे, लेकिन जब पैसा खत्म हो गया तो इनके सिर से इश्क का भूत उतरने में देर नहीं लगी और सोमवार को दोनों खुद अपने घर लौट आए। लड़के के परिजनों ने लड़की को घर में रखने से मना कर दिया है, जबकि भय के मारे युवक भी लड़की को सिकंदराराऊ में छोड़ने के बाद गायब हो गया है। सोमवार की पूरी रात यह लड़की घर से बाहर खुले में रही। सुबह वह अपने हाथ पर कुछ रखकर कहने लगी कि अगर लड़के ने उसे नहीं अपनाया तो वह जहर खा लेगी। लड़के के परिजनों का कहना है कि वह दूसरी जाति की लड़की को घर में कैसे रख सकते हैं। इधर, लड़की के माता-पिता भी उसके वापस लौटने से खुश नहीं है। यही वजह है कि उन्होंने उसे घर के अंदर तक नहीं आने दिया है। पूरे दिन लड़की अपने घर के बाहर चबूतरे पर बैठी बैठी रोती रही। मोहल्ले वाले समझाने की चेष्टा कर रहे हैं, लेकिन न तो लड़का और न ही लड़की के परिजन उसे घर में रखने को तैयार हैं। पूरे दिन यह मामला मोहल्ले में चर्चा का विषय बना रहा। अब इस प्रेम कहानी का अंजाम क्या होगा, इस पर सबकी निगाहें लगी हैं।