हाथरस (ब्यूरो)। बेसिक शिक्षा विभाग के सहायक अध्यापकों के प्रमोशन के मामले में विभागीय अधिकारियों की चाल फिर सुस्त दिखाई दे रही है। इसी प्रकार की सुस्ती से इन शिक्षकों को बीते शिक्षा सत्र में भी प्रमोशन नहीं मिल पाया था।
बेसिक शिक्षा विभाग में कामकाज की चाल बेहद सुस्त हो गई है। हालात यहां तक बदतर हैं कि शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापकों के रूप में काम करने वाले शिक्षकों को परिषद के आदेश के बाद भी विगत दो शिक्षा सत्रों से प्रमोशन नहीं मिल पा रहा है। करीब एक माह पूर्व परिषद ने शिक्षा सत्र 2013-14 को शुरू होने से पूर्व ही शिक्षकों का प्रमोशन करने के निर्देश दिए हैं, लेकिन बेसिक शिक्षा विभाग में बीते एक माह में शिक्षकों को प्रमोशन के स्थान पर सिर्फ आश्वासनों की घुट्टी पिलाई जा रही है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी देेवेंद्र कुमार गुप्ता द्वारा खंड शिक्षा अधिकारियों को शिक्षकों की वरिष्ठता सूची बनाने के आदेश दिए हैं। लेकिन इसके बावजूद भी अभी तक खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय स्तर पर शिक्षकों की वरिष्ठता सूची तैयार नहीं है। इसी समस्या के कारण बीते शिक्षा सत्र में शिक्षकों को प्रमोशन नहीं मिला था। क्या इस बार भी यही इतिहास दोहराया जाएगा। यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा। लेकिन खंड शिक्षा अधिकारियों की सुस्त चाल तो इसी ओर इशारा कर रही है।