सासनी। उस नन्ही जान का क्या कसूर था, जिसे एक अभागी मां कोख में पालने के बाद शुक्रवार को गुदड़ों में लपेटकर सड़क के किनारे फेंक गई। कस्बा के बच्चा पार्क के निकट लावारिस हालत में मिली इस बच्चे को देखकर मौके पर काफी भीड़ लग गई। इसे लेने के लिए कई हाथ भी उठ गए। दरअसल, शुक्रवार की शाम कस्बा में बच्चा पार्क के निकट मशीनरी स्टोर की दुकान करने वाले नगर पंचायत के पूर्व वाइस चेयरमैन राकेश शर्मा की दुकान के निकट बनी बाउंड्री की ओट में एक नवजात शिशु के रोने की आवाज सुनाई दी। देखते ही देखते दर्शकों का तांता लग गया। पुलिस चौकी कस्बा सासनी में निवास करने वाली पुलिस रसोइया की पत्नी मीरा उस बच्चे को उठा लाई। स्वास्थ्य केंद्र पर सफाई एवं उपचार के बाद नवजात को अपने घर ले आई। कस्बा में जिसने भी सुना, वही दौड़ा चला आया। कुछ ही देर में नवजात बच्चे को लेने वालों की लाइन लग गई। यहां तक कि उसे हासिल करने के लिए एक-लाख तक की बोली भी लग गई, लेकिन मीरा उसे देने को तैयार नहीं हुई। चूंकि नवजात का रिश्ता अब पुलिस से जुड़ गया है, इसलिए उसे चाहने वाले मुंह ताक रहे हैं। देखना यह है कि वह नवजात किस के आंगन की किलकारी बनेगा।
और पढ़ें