सादाबाद। आगरा रोड पर गांव बरौस के निकट किसी वाहन ने एक बाइक को रौंद दिया, जिससे बाइक पर सवार सीनियर मार्केटिंग इंस्पेक्टर रजनीश विक्रम सिंह और उनके कार्यालय के चतुर्थ श्रेणी कर्मी रामेश्वर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को घटनास्थल से ही इलाज के लिए आगरा ले जाया गया, जहां कुछ देर बाद ही एसएमआई रजनीश ने दम तोड़ दिया। घायल चतुर्थ श्रेणी कर्मी की हालत भी नाजुक बनी हुई है।
यह दोनों रविवार की शाम को ऑफिस बंद करने के बाद बाइक द्वारा आगरा के लिए जा रहे थे। ग्राम बरौस के समीप पहुंचने पर पीछे से किसी वाहन ने उनकी बाइक मे टक्कर मार दी, जिससे दोनों ही गंभीर रूप से घायल हो गए। एमआई रजनीश मूलरूप से बरेली के रहने वाले थे। फिलहाल वह आगरा में निवास कर रहे थे। यह एसएमआई द्वारा करीब तीन सप्ताह पूर्व ही सादाबाद में कार्यभार ग्रहण किया था। उनकी दुर्घटना की जानकारी मिलते ही उनके विभाग के तमाम लोग आगरा पहुंच गए। घटना के संबंध में वाहन के विरुद्ध बरेली निवासी वीरेंद्र सिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।