सादाबाद। डेयरी और फॉर्म हाउस में हिस्सेदार बनाने के लिए एक व्यक्ति से तीन लोगों ने धोखाधड़ी कर रुपये हड़प लिए। पैसे वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई। इस संबंध में सलेमपुर रोड निवासी सुनील कुमार गुप्ता पुत्र विशंभर दयाल ने मुकेश वर्मा और राजकुमार पुत्रगण भीमसेन वर्मा और जगवीरी देवी पत्नी भीमसेन निवासी पुसैनी हाल निवासी बैजनाथ मंदिर रोड सादाबाद के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व मुकेश वर्मा उससे मिला और कहा कि उसकी पुसैनी रोड पर नौ बीघा जमीन है, जिसमें फार्म हाउस और भैंस की डेयरी पार्टनरशिप में खोल लेंगे। तय शर्तों के मुताबिक इन लोगों को 28 जुलाई 2012 से 9 अगस्त 2012 तक विभिन्न चेकों के माध्यम से उसकी पत्नी संजू देवी के पंजाब नेशनल बैंक के खाते से 12 लाख रुपये दिए गए। बाद में शर्तों के अनुसार साझेदारी की डीड लिखवाने की बात कही गई तो यह लोग टालमटोल करते रहे। 7 अक्तूबर को जब वह दोबारा नामजदों के घर गया तो इन लोगों ने गाली-गलौज करते हुए कहा कि वह उसे साझीदार नहीं बनाएंगे।