हाथरस। लॉर्ड कृष्णा पब्लिक स्कूल में हुई फर्स्ट जूनियर टारगेट बॉल नेशनल चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ की टीम ने परचम लहरा दिया। फाइनल मैच में झारखंड की टीम को 16-6 से करारी मात देकर छत्तीसगढ़ ने यह उपलब्धि हासिल की। इससे पूर्व सुबह यूपी और छत्तीसगढ़ की टीमों के बीच सेमीफाइनल मैच खेला गया। दोनों ही टीमों के बीच कड़ा संघर्ष हुआ। इस रोमांचक मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने 11-9 से जीत हासिल की। झारखंड और आंध्रप्रदेश के बीच खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में झारखंड की टीम विजयी हुई। फाइनल में शुरू से ही छत्तीसगढ़ की टीम झारखंड पर हावी रही। पहले हाफ में छत्तीसगढ़ 5-3 के स्कोर से आगे थी। दूसरे हाफ में छत्तीसगढ़ की टीम ने 11 गोल दागे और झारखंड की टीम मात्र 3 और गोल ही कर सकी। इस तरह यह मैच छत्तीसगढ़ की टीम ने जीत लिया। जीत का जादू छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के सिर चढ़कर बोला। आंध्रप्रदेश की टीम तीसरे स्थान पर रही।
विजेताओं को किया गया सम्मानित
चैंपियनशिप की विजेता छत्तीसगढ़ की टीम को डोरी लाल शर्मा ने विजयी ट्रॉफी के साथ सभी खिलाड़ियों को मेडल पहनाए। उपविजेता झारखंड की टीम को पं. देवस्वरूप शर्मा ने ट्रॉफी और मेडल पहनाए। तृतीय स्थान पर रही आंध्रप्रदेश की टीम को संजय शर्मा ने ट्रॉफी और मेडल दिए। अधिवक्ता भागीरथ शर्मा ने बेस्ट डिफेंडर विक्रम सिंह को, संजय शर्मा ने बेस्ट शूटर व बेस्ट सेंटर प्लेयर हिरबस शाहू को सम्मानित किया। पुरस्कार वितरण से पूर्व स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर रामहरी शर्मा, संध्या उपाध्याय, नवीन वर्मा, आशुतोष शर्मा, खेल कोच दुष्यंत दिसवार, निम्मी गुप्ता, विपिन शर्मा, शारदा शर्मा, अंजली वार्ष्णेय, शैलजा शर्मा, कविता शर्मा, विमलेश शर्मा, ऋतु अग्रवाल आदि मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन गोविंद उपाध्याय ने किया।