हाथरस। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं में जिला परीक्षा समिति का फैसला एक बार फिर माफिया ने पलट दिया। जिला परीक्षा समिति द्वारा बोर्ड परीक्षा केंद्रों की सूची के साथ की गई विद्यार्थियों की शिफ्टिंग के विपरीत अब सभी को मनचाहे परीक्षा केंद्र मिल गए हैं। जिससे अब यह नकल माफिया बोर्ड परीक्षाओं में आसानी से नकल का कारोबार चला सकेंगे। माध्यमिक शिक्षा परिषद की नीतियां कुछ भी हों, लेकिन परीक्षाओं में होता वही है जो माफिया चाहते हैं। माफिया ने एक बार जिला परीक्षा समिति को अपनी ताकत का फिर अहसास करा दिया। जिला परीक्षा समिति ने जिले में 140 परीक्षा केंद्रों का निर्धारण कर उनके साथ ही जिले में परीक्षार्थियों को किस परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देनी है इसकी शिफ्टिंग भी कर दी थी। इस अनंतिम सूची को जिले में नोटिस बोर्ड पर चस्पा भी किया गया था। इसी सूची को मंडलीय परीक्षा समिति ने भी पास कर दिया था। लेकिन अब इस शिफ्टिंग का पूरा परिदृष्य ही बदल गया है। इस नई शिफ्टिंग में जिले के अधिकांश वित्तविहीन कॉलेज के परीक्षार्थियों को दूसरे मनचाहे वित्तविहीन कॉलेजों के परीक्षा केंद्र दे दिए गए हैं। जबकि वित्तपोषित कॉलेजों के अधिकांश विद्यार्थियों के शहरी क्षेत्र के वित्तपोषित विद्यालयों में परीक्षा केंद्र दिए गए हैं।