हाथरस। जिला प्रशासन की सख्ती रंग लाई। उसके निर्देशों के बाद जिला स्तरीय अधिकारियों ने गेहूं क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया, जिससे जिले में क्रय केंद्रों पर गेहूं खरीद शुरू हो गई। अभी तक सभी क्रय केंद्रों पर 130 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद होने की जानकारी मिली है। शासन ने जिले में किसानों को उनकी रबी की फसल का उचित मूल्य दिलाने के लिए एक अप्रैल से गेहूं खरीद शुरू करने के निर्देश दिए थे। जिले में सेंट्रल पूल के लिए 37,700 मीट्रिक टन गेहूं खरीदने का लक्ष्य भी निर्धारित किया। इसके लिए 51 गेहूं क्रय केंद्र संचालित करने का निर्णय लिया गया, लेकिन देखा यह जा रहा था कि डीएम के चुनाव कार्य में व्यस्त होने के कारण गेहूं क्रय केंद्रों का संचालन ही नहीं हो पा रहा, जिससे किसानों को मंडी में न्यूनतम समर्थन मूल्य 1,400 रुपये प्रति क्विंटल से भी कम दामों पर गेहूं बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। शिकायत मिलने पर डीएम ने इसे गंभीरता से लेते हुए जिला स्तरीय अधिकारियों को निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। डीएम की इस कड़ाई का परिणाम भी सामने आया। अब जिले में गेहूं खरीद कर रही एजेंसियों से 130 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद होने की सूचना प्राप्त हुई है, जिससे मंडी में गेहूं बेचने के लिए मजबूर हो रहे किसानों ने राहत की संास ली है।