सिकंदराराऊ (हाथरस)। लगभग एक वर्ष पूर्व सिकंदराराऊ कोतवाली के एक गांव से अपह्त युवती को अपहरण के आरोपियों ने शादी के बाद भी तंग करना नहीं छोड़ा। यह आरोपी उसे ससुराल में जाकर भी लगातार तंग करते रहे, जिससे आजिज आकर विवाहिता ने गुरुवार को अपने मायके पहुंचकर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई। मृतका के पिता ने तीन महिलाओं समेत 12 लोगों के खिलाफ इस मामले में कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। मामले की शुरुआत 10 दिसंबर 2012 को उस समय हुई, जब गांव की एक युवती के अपहरण के मामले में गांव के ही सुनील, जयपाल, मोनू और महादेवी आदि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई। कुछ दिन बाद पुलिस ने ममता को बरामद कर लिया और मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करने पर उसने अपने बयान में इन लोगों के नाम बताए। इन सभी पर अपहरण के साथ धारा 376 का मामला अदालत में चल रहा है। इसके पश्चात युवती की शादी कर दी गई। बताते हैं कि गुरुवार की रात्रि में युवती का शव उसके मायके में एक कमरे में पंखे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को सील कर दिया और पोस्टमार्टम के लिए हाथरस भेज दिया। मामले में मृतका के पिता ने गांव के सुरेश, महीपाल, रवी, रामपाल, सुनील, जयपाल, मोनू, महादेवी, साधना और सुनील के पत्नी के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट में उल्लेख किया है कि इन लोगों ने कुछ वर्ष पूर्व उसकी पुत्री का अपहरण किया था। पुत्री के बरामद होने के पश्चात उसकी शादी कर दी गई, लेकिन नामजद पुत्री को ससुराल जाकर परेशान करने लगे। जब ज्यादा तंग किया तो पुत्री ने उन्हें फोन पर सारी बात बताई। 1 मई को पुत्री ससुराल से गांव आ गई और रात्रि में कमरे में बंद होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शादी के पश्चात पुत्री को इन लोगों ने इतना तंग किया, जिससे उसे आत्महत्या जैसा कदम उठाना पड़ा। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।