हाथरस। विकास खंड मुरसान के डॉ. राममनोहर लोहिया ग्राम पंचायत कंचना पहला ई-विलेज बनेगा। जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार ने शासन की प्राथमिकताओं में शामिल ई-गवर्नेन्स योजना के तहत गांवों तक जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ पहुंचाने के मकसद से लोहिया ग्राम कंचना को बतौर ई-विलेज चयनित करके सभी सूचनाओं का डाटा एनआईसी में अपलोड करने के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार ने बताया कि शासन द्वारा भ्रष्टाचार मुक्त एवं पारदर्शी प्रशासन की प्राथमिकता को मूर्त रूप देने के लिये विभिन्न जन उपयोगी सेवाओं को ई-गवर्नेन्स योजनांतर्गत व्यापक रूप से सीधा जनसामान्य तक पहुंचाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने जिले के विकास खंड मुरसान के डॉ. राममनोहर लोहिया ग्राम कंचना को ई-विलेज के रूप में चयन किए जाने के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि अब कंचना गांव में ही जरूरतमंद लोगों को आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र सहित अन्य सभी जरूरी प्रपत्र, फार्म एवं जानकारी मिलने की सुविधा हासिल होगी। ग्रामीणों को अब विभिन्न प्रमाण पत्र एवं अन्य सेवाओं के बारे में जानकारी लेने के लिये तहसील तक भागदौड़ करने से निजात मिलेगी। डीएम ने बताया कि ई-गवर्नेन्स योजना के तहत ग्रामीण स्तर पर सरकारी एवं जनोपयोगी सेवाओं को एक ही काउंटर पर उपलब्ध कराने के लिये प्रदेश शासन के द्वारा ई-विलेज योजना लागू की गई है। जिसके अंतर्गत पायलेट प्रोजेक्ट बतौर जिले के एक चयनित ग्राम में लागू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह योजना पब्लिक हेल्थ सेंटर, स्कूल, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, कृषि आदि विभागीय योजनाओं को भी सुदृढ़ करने में मददगार सिद्ध होगी।