हाथरस। बहुचर्चित बृजेश मावी हत्याकांड में मुख्य आरोपी राजेश टोंटा अपने कुछ साथियों के साथ अलीगढ़ जेल में बंद है तो उसके कुछ साथी मथुरा जेल में बंद हैं। मथुरा पुलिस राजेश को रिमांड पर लेकर बृजेश मावी की हत्या के सबूत जुटाने की कोशिश कर रही है। इसकी मुख्य वजह यह है कि अभी तक पुलिस को मावी की लाश नहीं मिली है और न ही हत्या का कोई साक्ष्य मिला है। राजेश टोंटा ने जब कोर्ट में समर्पण किया था, तब उसने यह आशंका जाहिर की थी कि पुलिस उसका फर्जी एनकाउंटर कर सकती है। अब यही आशंका उसकी पत्नी कनक शर्मा ने जाहिर की है। कनक शर्मा इस समय सादाबाद की ग्राम पंचायत जारऊ की प्रधान हैं। डीआईजी आगरा रेंज को भेजे पत्र में कनक शर्मा ने कहा है कि उसके पति राजेश शर्मा को इस केस में झूठा फंसाया गया है। धारा 364 के इस मुकदमे में विवेचक वादी का रिश्तेदार है। इसलिए वादी और विवेचक मिलकर उसके पति की पुलिस रिमांड के समय हत्या करा सकते हैं। वादी इसकी धमकी भी दे चुके हैं। यह भी मांग की गई है कि इस मामले की जांच स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए। पुलिस रिमांड किसी दूसरे विवेचक से कराया जाए। पुलिस रिमांड के समय अतिरिक्त पुलिस बल और इस मौके पर वीडियोग्राफी भी कराई जाए। पत्र में कनक शर्मा ने यही आशंका जाहिर की है कि उसके पति की हत्या की जा सकती है। पत्र में विवेचना किसी स्वतंत्र एजेंसी या निष्पक्ष विवेचक से कराए जाने की मांग की है। इस पत्र की प्रतिलिपि मानवाधिकार आयोग, राज्य महिला आयोग और सीएम को भी भेजी गई हैं।