हाथरस। कांशीराम टाउनशिप (नया बसेरा) योजना का द्वितीय चरण का काम जिले में पिछले चार वर्षों से भी अधिक समय से अटका पड़ा है। इस योजना में 1000 आवास नगर पालिका हाथरस क्षेत्र में और 500 आवास नगर पालिका सिकंदराराऊ क्षेत्र में बनवाए जा रहे हैं, जिससे बेघर शहरियों को आवास आवंटित कर छत उपलब्ध कराई जा सके।
यह योजना अब शासन की प्राथमिकता से बाहर होने के कारण जिला प्रशासन का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। पूर्व सरकार द्वारा संचालित इस योजना में प्रथम चरण में हाथरस नगर पालिका क्षेत्र में बने 1,500 एवं सिकंदराराऊ में 1,000 हजार आवासों के निर्माण के बाद इनका विधिवत रूप से बेघर व आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को आवंटन भी पूर्ण करा दिया गया था। इसके बाद शासन ने द्वितीय चरण में हाथरस में 1000 हजार एवं सिकंदराराऊ में 500 आवासों का और निर्माण कराया है, किंतु लंबे समय से इस योजना की अनदेखी होने के कारण निर्माण इकाई इसका निर्माण कार्य पूर्ण ही नहीं करा पाई हैं, जबकि शासन से भी इस योजना को पूरा कराने के लिए करीब दो वर्ष पूर्व ही पैसा भी निर्माण इकाइयों को सौंपकर इसको पूरा कराने के निर्देश दिए थे। प्रशासन ने करीब छह माह पूर्व इस आवासों के आवंटन के लिए गरीब और बेघर लोगों से आवेदन भी आमंत्रित किए थे। इसमें हजारों लोग अपना आवेदन भी जिला प्रशासन को सौंप चुके हैं, किंतु निर्माण कार्य अभी तक पूर्ण नहीं होने के कारण यह बेघर लंबे समय से इस मकान की आस में बैठे हैं।