हाथरस। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्र बने विद्यालयों के संचालकों को अब शपथ पत्र देने होंगे। डीआईओएस ने इस आशय के निर्देश सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यो को दिए हैं। डीआईओएस जितेंद्र कुमार वर्मा ने प्रधानाचार्यों को दिए निर्देश में कहा है कि इस शपथ पत्र में बताना होगा कि विद्यालय में कितने कक्ष हैं। इन कक्षों में फर्नीचर, लाइट और सीसीटीवी कैमरा आदि की व्यवस्था है कि नहीं। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा सामग्री को भी सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक सुविधाओं के बारे में जानकारी देनी होगी। परीक्षार्थियों के लिए लड़की और लड़कों के अलग-अलग शौचालय हैं या नहीं। विद्यालय की बाउंड्रीवॉल और गेट की स्थिति कैसी है। आदि जानकारियों के संबंध में शपथ पत्र देना होगा। जिला परीक्षा समिति द्वारा सभी प्रधानाचार्यों को परीक्षा केंद्रों की अनंतिम सूची जारी करने के बाद प्रत्यावेदन मांगे हैं। इन प्रत्यावेदन में विद्यालयों संचालकों के परीक्षार्थियों के बारे में जानकारी मांगी है। अगर कोई विद्यालय संचालक परीक्षा केंद्र निर्धारित कराना नहीं चाहते तो उसके बारे में भी कारण सहित प्रत्यावेदन मांगा गया है, जिससे जिला परीक्षा समिति इन सभी प्रत्यावेदनों पर विधिवत रूप से कार्रवाई कर सकें।