हाथरस। अलीगढ़ में एएमयू में राजा महेंद्रप्रताप की जयंती के आयोजन के मुद्दे पर अब यहां राजा महेंद्रप्रताप विचार संघ ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। पत्रकारों से वार्ता करते हुए संघ के पदाधिकारियों ने कहा है कि जो लोग वहां राजा साहब की जयंती मनाने का विरोध कर रहे हैं, वह देशभक्त नहीं हो सकते। संघ के अध्यक्ष कप्तान सिंह ठेनुआं ने कहा है कि राजा महेंद्रप्रताप ने अपना पूरा जीवन देश के लिए न्योछावर कर दिया। ऐसे महानायक की जयंती का एएमयू में मनाने का जो लोग विरोध कर रहे हैं, उनकी सोच का संघ विरोध करता है। ऐसे लोगों को मानसिक इलाज कराने की जरूरत है। यह लोग देशभक्त नहीं हो सकते। संघ के महासचिव रामकुमार सिंह वर्मा ने कहा है कि राजा साहब की जयंती यहां हर साल मनाई जाती है। उन्होंने कहा है कि जो छात्र नेता इसका विरोध कर रहे हैं, क्या उन्हें इतना ज्ञान नहीं है कि राजा महेंद्रप्रताप ने देश की आजादी में कितना योगदान दिया था। संघ के संरक्षक पूर्व ब्लॉक प्रमुख कु. धर्मवीर सिंह ने कहा है कि राजा साहब को किसी जाति-धर्म से नहीं जोड़ा जाए। यदि कोई उन्हें किसी जाति-धर्म से जोड़ता है तो वह देशद्रोही होगा।