हाथरस/सादाबाद। बाइकर्स का आतंक थम नहीं रहा। बुधवार को बेटे के साथ बाजार से लौट रही महिला से बदमाशों ने 22 हजार रुपये लूट लिए। वारदात को बदमाशों ने बाईपास स्थित हरी हॉस्पिटल के सामने वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद बदमाश वहां से भाग गए। कोतवाली क्षेत्र के प्रगतिपुरम निवासी रामवीर सिंह बीएसएफ का जवान है। उसकी पत्नी और बच्चे यहां रहते हैं। बुधवार को महिला माया देवी सादाबाद की भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से 22 हजार रुपये निकाल कर लाई थी। बाद में वह फर्नीचर खरीदने के लिए अपने बेटे लखवीर सिंह के साथ बाइक से बाजार चली गई। वहां से लौटने के क्रम में बाईपास स्थित हरी हॉस्पिटल के निकट पीछे से पल्सर सवार दो युवक आए और बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। एकबारगी तो बाइक सवार महिला कुछ समझ नहीं सकी, जब तक वह कुछ समझती उससे पहले ही बाइकर्स ने महिला के हाथ में लगा रुपये से भरा बैग लूट लिया। महिला ने शातिर को पकड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन बदमाशों ने धक्का मारकर उसे गिरा दिया। जमीन पर गिरने के कारण माया देवी के पांव में मोच भी आ गई। मौके पर काफी भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पर पुलिस पहुंच गई और बदमाशों की तलाश की। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने को थाने में तहरीर दे दी है।