हाथरस। निकाय चुनाव की मतदाता सूचियों में काफी गड़बड़ी हुई है। काफी मतदाताओं का नाम ही लिस्ट से गायब हो गए। रविवार को जब सांसद सारिका सिंह मतदान करने के लिए बागला डिग्री कॉलेज स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचीं तो उनका नाम वोटर लिस्ट से गायब था, जबकि उनके अन्य परिजनों का नाम मतदाता सूची में था। करीब एक घंटे इंतजार करने के बाद सांसद बिना मतदान किए ही वापस चली गईं। सांसद ने अपना मतदाता पहचान पत्र दिखाते हुए बताया कि विधानसभा चुनाव में उनका नाम मतदाता सूची में था और उन्होंने वोट डाला था, लेकिन इस बार उनका नाम सूची में नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके परिवार के सभी सदस्यों का नाम मतदाता सूची में है तो ऐसे में उनका नाम ही आखिर लिस्ट से क्यों गायब है। हालांकि उनकी पार्टी रालोद ने यहां न किसी प्रत्याशी को समर्थन दिया है और न ही किसी को खड़ा किया है, लेकिन जिस तरह से उनका नाम लिस्ट से गायब है, इसके पीछे उन्हें राजनीतिक साजिश लगती है। सांसद का कहना है कि उनके विरोधियों की कमी नहीं है। इन्हीं विरोधियों ने उनके पति को पिछले दिनों झूठे केस में फंसवाया था और हो सकता है कि उन्हीं विरोधियों ने उनका नाम लिस्ट से गायब कराया हो। वह इस मामले की निर्वाचन आयोग से शिकायत करेंगी।
और पढ़ें