हाथरस (ब्यूरो)। फाल्ट और ब्रेक डाउंस की मार से जूझ रहे अलीगढ़ रोड साइड के तीनों फीडरों के लिए अब अलग बिजलीघर बनाने का रास्ता साफ हो गया है। बिजलीघर के लिए रमनपुर में देखी गई जमीन पर प्रशासन ने भी सैद्धांतिक सहमति दे दी है और बिजली अधिकारियों से काम शुरू कराने को भी कह दिया है। जल्द ही बिजली अफसर इस बारे में एसडीएम से मिलकर जमीन पर काम शुरू कराने की औपचारिक परमीशन भी लेंगे और उम्मीद है कि अगले महीने से इस बिजलीघर पर काम शुरू हो जाएगा। अलीगढ़ रोड पर 33 केवी बिजलीघर की मंजूरी पूर्व ऊर्जा मंत्री रामवीर उपाध्याय ने कराई थी, लेकिन उस वक्त जमीन न मिलने से इस पर काम शुरू नहीं हो सका, जबकि यूपीपीसीएल से विद्युत कार्यखंड शाखा अलीगढ़ को इसके लिए न केवल स्वीकृति पत्र मिल गया, बल्कि बजट भी आवंटित हो चुका था, लेकिन सत्ता परिवर्तन के बाद यह प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में चला गया था मगर अब अलीगढ़ रोड के फीडरों पर आए-दिन टूट रही आफत से खड़े हुए बिजली संकट ने बिजली अधिकारियों को इसके लिए जमीन की तलाश तेज करने को मजबूर कर दिया। काफी भागदौड़ के बाद अधिकारियों ने रमनपुर में इसके लिए बेहतर जमीन देख ली।दो दिन पूर्व अधिशासी अभियंता यूसी वर्मा ने भी मौके पर जाकर इस जमीन का निरीक्षण किया और इसे बिजलीघर के लिहाज से सबसे बेहतर पाया। सबसे ज्यादा सहूलियत तो यह कि अलीगढ़ रोड के तीनों ही फीडर रमनपुर, टाउन टू और टाउन थ्री भी आस-पास से गुजर रहे हैं और यहां से 132 केवी ओढ़पुरा की दूरी भी ज्यादा नहीं है। इस तरह कम खर्चे में यह फीडर बनकर तैयार हो जाएगा। करीब दो करोड़ की लागत से यह बिजलीघर बनाया जाएगा। अधिकारियों को उम्मीद है कि बिजलीघर बनने के बाद अलीगढ़ रोड साइड के इलाकों में बिजली अव्यवस्था पर काफी हद तक लगाम लगेगी।
और पढ़ें