सादाबाद। लगता है कि कस्बा और क्षेत्र में चोर, बदमाश, लुटेरों को खुली झूठ मिल गई है। शनिवार रात कस्बे के मुख्य बाजार में बदमाशों ने एक गारमेंट्स की दुकान और साड़ी शोरूम को अपना निशाना बनाया। दुकान की दीवार काटकर बदमाश हजारों रुपये के कपड़े चोरी कर ले गए। चोरी की घटना से व्यापारियों और कारोबारियों में गुस्सा है।
रामलीला मैदान निवासी महेंद्र गिरि पुत्र हरी गिरि की कस्बे के मुख्य बाजार में देव मार्केट के निकट गिरि नाम से गारमेंट्स और साड़ी का शोरूम है। शनिवार रात बदमाशों ने दुकान को अपना निशाना बना लिया। बदमाशों ने दुकान की छत के झीने की दीवार काट दी और झीने में लगे दरवाजे की कुंडी को खोल दुकान में घुस गए। चोरों ने दुकान में ऊपरी मंजिल स्थित साड़ी शोरूम में हजारों रुपये की साड़ियां और लहंगों को पार कर दिया। इतना ही नहीं, तालों को चटकाकर सबसे नीचे स्थित गारमेंट्स की दुकान को बड़े इत्मीनान से छान डाला। यहां से बदमाशों ने जींस, टीशर्ट, शर्ट आदि कपड़े व सामान को पार कर दिया। इधर, दुकान मालिक ने रविवार की सुबह जैसे ही दुकान को खोला तो अस्त-व्यस्त पड़े सामान और कपड़ों आदि देखकर उसके होश उड़ गए। उसने ऊपर जाकर देखा तो झीने की दीवार कटी हुई थी। दुकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का मौका मुआयना किया। दुकान मालिक ने अज्ञात चोरों के खिलाफ हजारों रुपये के माल चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया है। बीच बाजार में हुई इस घटना से व्यापारियों में रोष है। व्यापारियों और व्यवसायियों का आरोप है कि बदमाशों के नेटवर्क को पुलिस भेद नहीं पा रही है। इससे उन्हें काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है।