हाथरस। जिले के दौरे पर आ रहे मुख्यमंत्री के दूत राज्य के सचिव उच्च शिक्षा टी. वेंकटेशन की अगवानी की तैयारी शुरू हो गई है। तहसीलों में सीएम के दूत के कार्यक्रम ने अधिकारियों की बेचैनी बढ़ा रखी है। अधिकारियों के सामने तहसीलों को दूत के दौरे के लिए तैयार करने की चुनौती है। यही वजह है कि चारों तहसीलों में तैयारियां शुरू करा दी गई हैं। हाथरस तहसील में सफाई इंतजामों को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए पंचायत के सफाई कर्मियों की स्पेशल ड्यूटी लगाई गई है। मेला श्रीदाऊजी महाराज से हटाए गए 55 सफाई कर्मियों को तत्काल तहसील सदर में एसडीएम को ज्वाइनिंग देकर उनसे दिशा-निर्देश प्राप्त करने को कहा गया है, जबकि दो दिन पहले ही डीपीआरओ ने इन सफाई कर्मियों को अपनी ग्राम पंचायतों में वापस ज्वाइनिंग देने का आदेश जारी कर दिया था, लेकिन सचिव का दौरा तय होने के बाद इन्हें फिलहाल वापस जाने से रोक दिया गया है। यह कर्मी तहसील में ही नियमित रूप से सफाई कार्य करेंगे। तहसील दिवसों में लंबित चल रही शिकायतों के निस्तारण का भी अभियान छेड़ दिया गया है। प्रभारी डीएम प्रवीण कुमार अग्रवाल ने सभी विभागों के अधिकारियों को 16 अक्तूबर तक तहसील दिवसों में पेंडिंग अपने विभागों की शिकायतें निपटाने का निर्देश दिया है। सभी एसडीएम से कहा गया है कि वह 16 तक नियमित रूप से शिकायतों निस्तारण की समीक्षा करें और हर दिन इसकी रिपोर्ट भिजवाएं। सीएम के दूत किसी भी ब्लॉक या थाने का मुआयना भी कर सकते हैं। इस आशंका के मद्देनजर ब्लॉक दफ्तरों और थानों में भी सीएम के दूत के दौरे की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सभी ब्लॉक और थानों में रंगाई-पुताई और सफाई कराने का निर्देश दिया गया है। विकास योजनाओं और आपराधिक रिकार्ड अपडेट रखने को कहा गया है। सीएम के दूत इन रिकार्डों का मुआयना कर सकते हैं।