अलीगढ़। डॉ. बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय में खिलाड़ियों के कैरियर से खिलवाड़ हो रहा है। बिना खेले ही नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट से प्रतिभाशाली खिलाड़ी बाहर हो रहे हैं। इसका एक मात्र कारण यूनिवर्सिटी द्वारा अभी तक खेल कैलेंडर जारी नहीं किया जाना है।
कॉलेज के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने का एक मात्र प्लेटफार्म नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट है, लेकिन विश्वविद्यालय की लापरवाही के कारण यह अवसर भी खिलाड़ियों के हाथ से निकलता जा रहा है। एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटी (एआईयू) अपना खेल कैलेंडर महीनों पूर्व जारी कर चुका है। इसको ध्यान में रखते हुए डॉॅ. बीआर अंबेडकर विवि को अपना खेल कैलेंडर जारी करना था। अभी तक खेल कैलेंडर जारी नहीं होने से कई विद्यार्थी खेल से वंचित रहे गए हैं।