आठ महीने में नहीं बन पाई बीकेडी - खंडेराव गेट रोड
- फोटो : demo
बीकेडी चौराहे से खंडेराव गेट जाने वाली सड़क का काम आठ महीने पहले शुरू किया गया था। लेकिन, यह अब तक पूरा नहीं हो पाया है। महापौर ने इसकी शिकायत मंडलायुक्त से की है। उन्होंने सड़क निर्माण का काम जल्द पूरा कराए जाने की मांग की है।
बीकेडी चौराहे से खंडेराव गेट की सड़क पर वाहनों का भारी दबाव रहता है। यही वजह है कि आठ महीने पहले झांसी विकास प्राधिकरण ने इसके चौड़ीकरण का काम शुरू किया था। सड़क को चौड़ा कर बीच में डिवाइडर बनाया जाना था। काम शुरू होते ही सड़क को खोद दिया गया था। लेकिन, इसके बाद काम की रफ्तार धीमी पड़ गई। हालत यह है कि अब भी काम पूरा नहीं हो पाया है। सड़क के बीच का हिस्सा अब भी खुर्दबुर्द अवस्था में पड़ा हुआ है। इस समस्या को कई बार लोगों द्वारा उठाए जाने के बाद भी ध्यान नहीं दिया गया। अब मेयर किरण वर्मा ने इसकी शिकायत मंडलायुक्त से की है। शिकायत में उन्होंने बताया कि दबाव बनाने पर सड़क पर थोड़ा काम हो जाता है, लेकिन कुछ ही दिनों बाद एक बार फिर काम रुक जाता है। पिछले दो महीने से काम पूरी तरह से बंद पड़ा हुआ है, जिससे आम जनता को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। इस समस्या से झांसी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को भी अवगत कराया जा चुका है, लेकिन उनकी ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। मेयर ने बताया कि यह शहर की मुख्य सड़क है। जनहित में जल्द इसका निर्माण पूरा किया जाना जरूरी है।