कानपुर। ट्रांसगंगा सिटी में किसानों को अतिरिक्त मुआवजा 25 अगस्त से बांटा जाएगा। गुरुवार को उन्नाव के जिलाधिकारी की अध्यक्षता में यूपीएसआईडीसी के जीएम मनीष कुमार, अधिशाषी अभियंता एससी मिश्रा आदि अफसरों की एक बैठक हुई। इसमें किसानों का प्रतिनिधित्व अजय अनमोल ने किया। उन्होंने बताया कि 25 अगस्त से अतिरिक्त मुआवजा बांटने पर सहमति बन गई है। यूपीएसआईडीसी से तमाम दस्तावेज डीएम को सौंपे गए हैं। गौरतलब है कि उन्नाव के मनभौनापुर, कन्हवापुर और शंकरपुर सरांय में कुल 1151 एकड़ जमीन का अधिग्रहण एसईजेड के लिए किया गया था। बाद में एसईजेड का प्रस्ताव रद्द कर दिया गया। अब यहां ट्रांसगंगा सिटी बनाई जानी है। पूर्व में दिए गए 5.51 लाख रुपए प्रति बीघा मुआवजा की दर अब बढ़ाकर 12.51 लाख रुपए कर दी गई है। कुल 2039 किसानों का इसका लाभ मिलेगा। साथ ही छह प्रतिशत जमीन किसानों को विकसित करके दी जाएगी।