कानपुर। बैंक ऑफ बड़ौदा की जगईपुरवा शाखा में 17 महीने के भीतर 20 लाख 33 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला उजागर हुआ है। शाखा प्रबंधक ए.टी. जाफरी ने चकेरी थाने में धोखाधड़ी और कूटरचना की धारा में एफआईआर दर्ज कराई है।
मामला 22 जनवरी 2013 से 27 मई 2014 तक का है। पुलिस ने बताया कि रतनपुर पनकी निवासी तनुज कुमार को नामजद किया गया है। इन पर आरोप है कि अलग-अलग तारीखों में तनुज ने कंप्यूटर के माध्यम से धोखाधड़ी की है। बिना किसी खाताधारक की सहमति और बिना किसी अधिकार के यह काम किया गया। आरोप यह भी है कि इसमें सहकर्मी या अधिकारी के यूजर आईडी एवं पासवर्ड का प्रयोग हुआ है। कूटरचना कर फर्जी चेक तैयार किए गए। इससे 20 लाख 33 हजार रुपये की खाताधारकों के खातों में फर्जी प्रविष्टियां हुईं। कार्यवाहक थानाध्यक्ष आलोक कुमार यादव ने बताया कि तफ्तीश पूरी होने के बाद ही इस मामले में कुछ कहा जा सकेगा। यह अपराध साइबर क्राइम से जुड़ा हुआ है।