कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय की पीएचडी की प्रवेश प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। इसे लेकर 16 अगस्त को डींस कमेटी की बैठक हो चुकी है। इसमें सुपरवाइजरों के नाम के अनुमोदन का फैसला हुआ है। कहा गया है कि 23 अगस्त तक पीएचडी की वास्तविक सीटें, सुपरवाइजर का ब्यौरा तैयार हो जाएगा। फिर आवेदन मांगकर दाखिले दिए जाएंगे।
पीएचडी की प्रवेश प्रक्रिया नए अध्यादेश से होनी है, हालांकि इसका अनुमोदन राजभवन से नहीं हो सका है। कुलपति प्रोफेसर अशोक कुमार ने बताया कि 22-23 अगस्त तक नए अध्यादेश के अनुमोदित होने की उम्मीद है। इसके बाद पीएचडी की दाखिला प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पीएचडी की प्रवेश परीक्षा के परिणाम आ गए हैं, लेकिन स्कोर कार्ड अभी तक नहीं मिल सके हैं। स्कोर कार्ड मिलने के बाद सुपरवाइजरों के नाम विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.kanpuruniversity.org पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे। वेबसाइट पर नाम देखकर ही अभ्यर्थी सुपरवाइजर, सब्जेक्ट का विकल्प लॉक कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि कानपुर विश्वविद्यालय का दायरा 14 जिलों में फैला है, जहां के टीचर्स सुपरवाइजर बनते हैं। विश्वविद्यालय से 44 विषयों में पीएचडी कराई जाती है। इनकी सीटों का वास्तविक ब्यौरा तैयार कराया जा रहा है।