कलक्ट्रेट में गुरुवार को अपर जिलाधिकारी श्रीकृष्ण यादव की अध्यक्षता में उद्योग बंधु की बैठक हुई। बैठक में खुलासा हुआ कि औद्योगिक स्थान मखऊपुर में दबंगों द्वारा कब्जा किया जा रहा है। इस पर समिति ने फैसला लिया कि इसकी जांच कराई जाए। यदि अवैध कब्जा हो रहा है तो पुलिस बल की मदद से उसे खाली कराया जाए।
उद्योग बंधु की बैठक में उद्यमियों ने अपनी-अपनी समस्याएं बताईं। अधिकारियों ने प्राथमिकता पर समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया। सहायक आयुक्त उद्योग ने बताया कि टास्क फोर्स समिति द्वारा 40 लाभार्थियों का चयन कर विभिन्न बैंक शाखाओं को ऋण देने के लिए आवेदन पत्र भेज दिए गए हैं। अपर जिलाधिकारी ने एलडीएम दिनेश मिश्र को निर्देश दिया है कि वह लंबित लाभार्थियों के आवेदनों को शीघ्र निस्तारित कराएं। मिनी औद्योगिक स्थान मखऊपुर में स्वतंत्र विद्युत फीडर की व्यवस्था के लिए धन जल्द ही उपलब्ध करा दिया जाएगा। बैठक अखिलेश सिंह, मंजर अब्बास, एसपी वीके मिश्र आदि लोग रहे।