कस्बे के रेलवे फाटक के पास मुख्य मार्ग पर बना गड्ढा राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। इस मार्ग से अधिकारियों का आना-जाना बना रहता है। इसके बाद भी सड़क की मरम्मत नहीं हो पा रही है। जबकि पीडब्ल्यूडी से कई बार शिकायत की जा चुकी है।
सिराथू कस्बे के रेलवे फाटक के पास सैनी रोड पर बड़े-बड़े गड्ढों में बरसात का पानी भरा रहने से हर कोई परेशान हो रहा है। गड्ढे में पानी भरा होने पर कोई न कोई बाइक सवार गिर कर चोटहिल होता रहता है। अक्सर टेंपो भी उसमें फंस जाती है। जिससे जाम की समस्या खड़ी हो जाती है। ट्रकों के फंसने पर कई-कई घंटे जाम लगा रहता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस मार्ग से दिन भर अधिकारियों का आना-जाना बना रहता है।
इसके बाद भी अधिकारी अपनी आंख बंद किए रहते हैं। नागरिकों का कहना है कि लोग निर्माण विभाग सब कुछ जानने के बाद भी इसे ठीक नहीं करा रहा है। नगर के चेयरमैन राजेंद्र यादव का कहना है कि मुख्य मार्ग लोक निर्माण का होने के बाद भी हर बार वे अपनी ओर से ठीक कराते हैं। कई बार विभाग को पत्र भी लिखा। पर, कोई सुनता ही नहीं है।