जिला स्तरीय तहसील दिवस में मंगलवार को 92 फरियादियों ने डीएम और एसपी के सामने न्याय की गुहार लगाई। अधिकारीद्वय ने सुनवाई करते हुए आठ शिकायतों का निस्तारण मौके पर कराया। बचे हुए 84 शिकायती पत्रों के निस्तारण के लिए मातहतों को निर्देशित किया।
मंगलवार को जिला स्तरीय तहसील दिवस चायल में आयोजित हुआ। शासन के प्राथमिकता वाले कार्यक्रम की अध्यक्षता डीएम अखंड प्रताप सिंह ने किया। वह ठीक दस बजे तहसील दिवस पहुंचे। डीएम के पहुंचने के बाद शिकायतों का दौर शुरू हुआ। दोपहर दो बजे तक तहसील दिवस में 92 फरियादियों ने शिकायत कर डीएम और एसपी से न्याय मांगा। अफसरों ने मौके पर निस्तारित होने लायक आठ फरियादियों की समस्याएं दूर की।
बाकी की शिकायतों के लिए मातहतों को समय सीा के भीतर निस्तारण का निर्देश दिया। तहसील दिवस में एसपी वीरेंद्र कुमार मिश्र के अलावा मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार सिंह, एसडीएम अश्वनी कुमार श्रीवास्तव, पीडी राजेश कुमार मिश्र, डीडीओ डीके दोहरे सहित सभी विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।