ललितपुर। बिजली चोरों पर शिकंजा कसने के लिए विद्युत विभाग अब शहरी क्षेत्र के हर मकान में बिजली कनेक्शन देगा। इसके लिए मुख्य अभियंता झांसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। खासकर अनियमित कनेक्शन लेने वालों पर विभाग की निगाह है। अगले माह से अभियान चलाया जाएगा। बता दें कि 35 हजार मकानों के सापेक्ष मात्र 24 हजार घरों में ही कनेक्शन है। जबकि, लगभग प्रत्येक घर में बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा है।
विद्युत विभाग के आंकड़ों के तहत नगर में करीब 24 हजार लोगों ने विद्युत कनेक्शन लिए हैं। यहां मकान 35 हजार के करीब हैं। जबकि लगभग सभी मकानों में बिजली का उपयोग किया जा रहा है। चेकिंग में यह बात सामने भी आती है। बड़ी संख्या में लोग अवैध तरीके से बिजली का इस्तेमाल करते पकड़े जाते हैं। जब विद्युत टीम चेकिंग करने जाती है तो मकान स्वामी कनेक्शन नहीं होने का हवाला देकर टीम का चलता कर देते हैं। जबकि, इन मकानों में पूरी बिजली फिटिंग होती है। सूत्रों के मुताबिक अनियमित कनेक्शन लेने वाले बिजली चोरी में आगे हैं। ये कुछ महीनों के लिए कनेक्शन लेते हैं, लेकिन समय सीमा समाप्त होने के बाद भी बिजली का इस्तेमाल करते हैं। यही वजह है कि लंबे समय से मकानों व बिजली के कनेक्शनों में हजारों का अंतर स्पष्ट चला आ रहा है।
गत दिनों मुख्य अभियंता ने बैठक में अधिशासी अभियंता व उपखंड अधिकारी अखिलेश कुमार वर्मा को स्पष्ट निर्देश दिए हैं, कि जनपद में अनियमित रूप से बिजली उपभोग करने वालों को चिह्नित किया जाए। ऐसे उपभोक्ताओं को नियमित कर कनेक्शन दिए जाए। इसी के चलते विभागीय अधिकारियों ने मकानों के सापेक्ष बिजली कनेक्शन देने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इस माह के अंत तक अभियान चलाकर अनियमित कनेक्शन धारकों और बिजली चोरों पर कार्रवाई की जाएगी।
कनेक्शन लेने में दिक्कत हो तो बताएं
अनियमित कनेक्शन पाए जाने पर इसे नियमित किया जाएगा। यदि किसी उपभोक्ता को नए कनेक्शन लेने में किसी भी प्रकार की विभागीय परेशानी आती है, तो वह उसका समाधान कराएंगे और किसी भी नए कनेक्शन के लिए उपभोक्ताओं को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी नए कनेक्शन में किसी को परेशान करता है, तो वह उस अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ शिकायत सही पाए जाने पर कार्रवाई भी करेंगे। बिजली चोरी किसी भी कीमत पर नहीं होने दी जाएगी।
- एसके गुप्ता, अधिशासी अभियंता विद्युत।