फोटो 27 एमएएचपी 16 परिचय-हाईवे पर गुगौरा चौकी के पहले लगे जाम में फंसे वाहन। संवाद
- फोटो : गौसपुर स्थित कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय के गेट पर बनी दुकान।
महोबा। कानपुर-सागर हाईवे पर किड़ारी फाटक से कबरई तक चल रहे फोरलेन निर्माण के दौरान जगह-जगह डायवर्जन किए जाने से आए दिन जाम लग रहा है। मंगलवार की रात करीब नौ बजे गुगौरा चौकी के पास बीच सड़क पर ट्रक खराब हो गया। देखते ही देखते कबरई तक 12 किमी लंबा जाम लग गया। इसमें सैकड़ों वाहन फंसे रहे। यातायात पुलिस ने ट्रक हटवाकर पांच घंटे बाद रात दो बजे आवागमन बहाल कराया। तब वाहन चालकों ने राहत की सांस ली।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर इस समय फोरलेन बनाने का काम चल रहा है। कार्यदायी संस्था ने कई स्थानों पर डायवर्जन किया है। मंगलवार की रात गुगौरा चौकी के आगे एक ट्रक बीच सड़क पर अचानक खराब हो गया। सिंगल लाइन खुली होने के चलते जाम लग गया। देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में छोटे-बड़े वाहन फंस गए।
गुगौरा चौकी से कस्बा कबरई के बांदा तिराहा तक करीब 12 किलोमीटर लंबा जाम लगने से भीषण गर्मी में वाहन चालक परेशान रहे। बांदा जा रहे प्रमोद कुमार व अनुराग ने बताया कि वह नौ बजे जाम में फंस गए। पांच घंटे तक जाम लगा रहने से वह समय पर घर नहीं पहुंच पाए और पूरी रात खराब हो गई। जाम में बांदा, हमीरपुर, घाटमपुर, कानपुर, लखनऊ आदि स्थानों पर जाने वाले वाहन फंसे रहे।
जाम लगने की सूचना पर यातायात प्रभारी सुनील कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने खराब ट्रक को सड़क से हटवाया और एक-एक कर वाहनों को आगे निकाला। तब रात दो बजे आवागमन बहाल हो सका। यातायात प्रभारी ने बताया कि फोरलेन सड़क निर्माण के चलते जगह-जगह डायवर्जन होने से समस्या आ रही है। एक साथ बड़ी संख्या में ट्रक निकलने से दिक्कत हुई। रात दो बजे आवागमन पूरी तरह बहाल करा दिया गया था।
फोटो 27 एमएएचपी 16 परिचय-हाईवे पर गुगौरा चौकी के पहले लगे जाम में फंसे वाहन। संवाद- फोटो : गौसपुर स्थित कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय के गेट पर बनी दुकान।