बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी से संबंद्ध शहर के वीरभूमि राजकीय महाविद्यालय में परीक्षाएं कराई जा रही है। बुधवार को पहली पाली में एमकॉम प्रथम वर्ष के वित्तीय प्रबंधन विषय के तृतीय पेपर के दौरान महाविद्यालय के आंतरिक उड़ाका दल ने एक छात्र को नकल करते हुए पकड़ लिया। प्
रवक्ताओं ने छात्र की कापी सील कर ली। इसके बाद विश्वविद्यालय को अवगत कराया है। कॉलेज में नकलची पकड़ने से परीक्षार्थियों में हड़कंप मच गया।
शहर के वीरभूमि राजकीय महाविद्यालय में चल रही परीक्षाओं में कड़ी सतर्कता बरती जा रही है।
बुधवार को एमकॉम प्रथम वर्ष के वित्तीय प्रबंध का तृतीय प्रश्नपत्र, एमए अर्थशास्त्र का प्रथम पेपर और एमए संस्कृत विषय की परीक्षाएं कराई गई। परीक्षा के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. उमाशंकर त्रिपाठी की मौजूदगी में आंतरिक उड़ाका दल में शामिल डॉ. मीरापाल, डॉ. प्रदीप कुमार, प्रो. रविंद्र कुमार भाटिया, डॉ. एलसी अनुरागी, एसएस राजपूत आदि ने कक्षों में सर्च किया।
इस दौरान एमकॉम प्रथम वर्ष का छात्र सुशील नकल करते रंगे हाथों दबोच लिया गया।उड़ाका दल ने छात्र के पास से माडल पेपर के फाड़े गए तीन पेज बरामद किए। प्रवक्ताओं की टीम ने छात्र सुशील की कॉपी सील करते हुए विश्वविद्यालय झांसी को सूचना दी। प्रथम पाली में पंजीकृत 176 परीक्षार्थियों में से चार अनुपस्थित रहे।
माध्यमिक शिक्षा परिषद इलाहाबाद बोर्ड द्वारा संचालित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं जारी है। बुधवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल के कंप्यूटर विषय में पंजीकृत 226 परीक्षार्थियों में से 6 अनुपस्थित रहे।
जबकि इंटरमीडिएट के कृषि विज्ञान में पंजीकृत 115 परीक्षार्थियों में आठ ने परीक्षा छोड़ दी। जिले के 32 परीक्षा केंद्रों में किसी भी नकलची के पकड़े जाने की सूचना नहीं है।