मैनपुरी। बीपीएड बेरोजगारों ने सोमवार को अपनी मांगों को लेकर लोहिया पार्क से कलेक्ट्रेट तक मौन जुलूस निकाला। तिकोनिया पार्क में बैठक आयोजित की। इसके बाद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से 41,736 अंशकालिक शारीरिक शिक्षकों की विज्ञप्ति जारी किए जाने की मांग उठाई गई।
सोमवार को तिकोनिया पार्क में आयोजित बैठक में बीपीएड बेरोजगार संघ के जिलाध्यक्ष यदुराज चौधरी ने कहा कि शासन द्वारा घोषित 41,736 अंशकालिक शारीरिक शिक्षकों की विज्ञप्ति शीघ्र जारी की जाए। बीपीएड के आवेदन जिला स्तर पर ही स्वीकार किए जाएं। बीपीएड के साथ सीपीएड और डीपीएड को सम्मलित किया जाए। जूनियर स्तर पर शारीरिक शिक्षा के लिए शिक्षक अनिवार्य किए जाएं।
राहुल यादव ने कहा कि वर्ष 2004, 2007 तथा 2008 में बीपीएड डिग्री धारकों को प्राथमिक शिक्षा में लिया जाता रहा है। अब शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत 2010 में शारीरिक शिक्षा को प्राथमिक शिक्षा से अलग कर दिया गया है, जिससे भविष्य अंधकार में है। अत: जूनियर एवं अन्य विद्यालयों में शारीरिक शिक्षकों के पद सृजित कर बीपीएड बेरोजगारों को समायोजित किया जाए। बैठक के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपा। ज्ञापन देने वालों में रामकिशोर, देवेंद्र, हरवेंद्र, उमेश चंद्र, गौरव, संतोष शाक्य, संतोष शाक्य, अनुज शर्मा, मनोज कुमार, भानुप्रताप, पुनीत, अरविंद आदि मौजूद थे।