मैनपुरी। सोमवार को कोहरे से भले ही राहत मिली हो लेकिन कड़ाके की सर्दी से पूरे दिन लोग परेशान रहे। दोपहर बाद निकली धूप भी सर्दी से राहत नहीं दे सकी। रात में पाला पड़ने से गलन भरी सर्दी में और इजाफा हुआ है। न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
सोमवार को सुबह हल्का कोहरा रहा। आसमान पर छाए बादलों और तेज सर्द हवाओें ने कड़ाके की सर्दी से दोपहर में उस समय कुछ राहत मिलती नजर आई जब बादल छट गए और धूप निकली। धूप निकलने के बाद भी सर्द हवाओं के कारण धूप में गर्मी का अहसास ही नहीं हो रहा था। तेज सर्द हवाओं के चलते पूरे दिन लोग कड़ाके की ठंड से ठिठुरते रहे। रविवार की रात पाला पड़ने से सुबह खेतों में फसलों के ऊपर बर्फ जैसी जमा नजर आई।
00
कड़की में गया पूरा हफ्ता
सोमवार को धूप निकलने से बाजार में कुछ चहल-पहल बढ़ी और दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक बाजारों में रौनक नजर आई। कई दिनों बाद बाजारों में ग्राहकों के आने से दुकानदार खुश नजर आए। दुकानदार गगन मिश्रा का कहना था कि जनवरी का पूरा सप्ताह कड़ाके की ठंड के चलते कड़की में चला गया। सोमवार को धूप निकली तो बाजार में ग्राहक दिखाई दिए हैं।
00
आलू और सरसों को नुकसान
किसानों का कहना है कि पिछले तीन दिनों से पाला पड़ने से ही ठिठुरन भरी सर्दी में इजाफा हुआ है। किसान राजवीर यादव ने बताया कि पाला पड़ने से आलू में झुलसा और सरसों में माहूं कीट लगने की आशंका बढ़ गई है। जिला कृषि अधिकारी राजेश रावत का कहना था कि पाला पड़ने से आलू की फसल झुलसा के चपेट में आ सकती है। किसानों को आलू का झुलसा से बचाने के लिए दवाओं के छिड़काव के साथ फसल के आसपास धुआं की व्यवस्था करनी चाहिए।
000
अलाव ऊंट के मुंह में जीरा
कड़ाके की सर्दी गरीबों और बुजुर्गों पर भारी पड़ रही है। बुजुर्ग सर्दी के बीच विभिन्न सर्दी जनित रोगों की गिरफ्त में आ रहे हैं। प्रशासन और नगर पालिका ने गरीब और असहायों के लिए अलाव जलाने की व्यवस्था तो की है लेकिन अलाव ऊंट के मुंह में जीरा साबित हो रहे हैं। रेलवे स्टेशन, घंटाघर चौराहा, जिला अस्पताल, रोडवेज बस स्टैंड, करहल बाईपास चौराहा जैसे सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की पर्याप्त व्यवस्था न करने से गरीब और असहाय लोगों में असंतोष है।