मैनपुरी। आगरा रोड स्थित मैरिज होम पर आयोजित कांग्रेस की मनरेगा चौपाल में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाआें की जानकारी दी गई। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं एमएलसी विवेक बंसल ने कहा कि केंद्र सरकार ने जनता के विश्वास और विकास के लिए मनरेगा एवं सूचना का अधिकार अधिनियम लागू किया है। समाज से यदि भ्रष्टाचार को समाप्त करना है तो प्रत्येक व्यक्ति को अपने आप को भ्रष्टाचार एवं जातिवाद से दूर रखना होगा। केंद्र सरकार देश को विश्व स्तर पर स्थापित करने का सफल प्रयास कर रही है।
एमएलसी बंसल ने कहा कि केंद्र सरकार देश को विश्व के मानचित्र पर सफल देश के रूप में स्थापित करने का प्रयास कर रही है। इसका उदाहरण है कि जब पूरा विश्व आर्थिक मंदी के दौर से गुजर रहा है तब भी भारत पांच प्रतिशत आर्थिक वृद्धि प्राप्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि सभी को एकजुट होकर देश के विकास के लिए प्रयास करना चाहिए।
मनरेगा निगरानी समिति के जिलाध्यक्ष अजय दुबे ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से कहा कि वह मनरेगा के अंतर्गत किसी भी अव्यवस्था से निपटने के लिए एकजुट रहें। किशन बहादुर उपाध्याय ने मनरेगा एक्ट के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराई। पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रकाश प्रधान ने कांग्रेस को मजबूत करने के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया। बंसल का अरविंद तिवारी, रामनरेश यादव, जितेंद्र कुशवाहा, राहुल कठेरिया, सुजान सिंह राजपूत, कुमार गौरव दुबे, अनिल दुबे, मुकेश चौहान, राजा ठाकुर, विजेंद्र सिंह चौहान, विजय बहादुर भदौरिया, अनिल शाक्य आदि ने माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। इस मौके पर नरेंद्र यादव, अनिल गुप्ता, राजेश चौहान, गोपाल कुलश्रेष्ठ, रघुनंदन कठेरिया, मधु मिश्रा आदि उपस्थित थे। संचालन मनोज मिश्रा ने किया।