घिरोर(ब्यूरो)। नगर में परंपरागत रूप से लगने वाले एक मात्र मेला दशहरा की तैयारियां शुरू हो गई है। नहर कोठी पर लगने वाला यह मेला 18 जून को होगा। इस बार निचली गंगा नहर इटावा ब्रांच में पानी होने के कारण श्रद्धालु खुश हैं।
मेले में दुकानें लगाने वाले दुकानदारों को आशंका है कि इस बार किराया बढ़ाया जाएगा। इस बार पिछले वर्षों की तुलना में 10 गुना अधिक मूल्य पर ठेका उठाया गया है। नगर निवासियों का कहना है कि 105 वर्ष पूर्व नहर निकाली गई थी और तभी नहर कोठी एवं कंपनी बाग का निर्माण हुआ था। इसी खुशी में गंगा दशहरा पर यहां प्रतिवर्ष स्नान एवं मेले की परंपरा चली आ रही है। इस वर्ष नहर विभाग द्वारा दुकानों की वसूली का ठेका डेढ़ लाख रुपये में उठाया गया है जबकि पिछले वर्ष मात्र 15 हजार का, उससे पूर्व वर्ष 2011 में मात्र आठ हजार रुपये में उठाया गया था। दुकानदारों एवं झूला, तमाशे वालों को आशंका है कि इस वर्ष उनसे पहले से अधिक धन वसूल किया जाएगा। जबकि ठेकेदार ने आश्वासन दिया है कि उन्हें भले ही घाटा पड़े लेकिन अधिक वसूली नहीं करेंगे ताकि अगले वर्ष भी मेला लगता रहे।