मैनपुरी। विश्व रक्तदान दिवस पर शुक्रवार को जिला अस्पताल में गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान से नुकसान नहीं होता है। रक्तदान करने से दूसरे व्यक्तियों की जान बचाई जा सकती है। लोगों को जागरूक होकर अधिक से अधिक रक्तदान करना चाहिए। रक्तदान के लिए लोगों को प्रेरित करने, रक्तदान करने वालों को सम्मानित करने के लिए रक्तदान माह 14 जून से 13 जुलाई तक मनाया जाएगा।
गोष्ठी में सीएमओ डा. वीके गुप्ता ने कहा कि लोगों में रक्तदान को लेकर भ्रांतियां हैं। रक्तदान से किसी भी तरह की कमजोरी नहीं आती। समय-समय पर रक्तदान करते रहने से मनुष्य स्वस्थ बना रहता है। सीएमएस डा. आरसी शर्मा कहा कि रक्तदान से बड़ा पुण्य का कोई कार्य नहीं है। कभी-कभी गंभीर मार्ग दुर्घटनाओं में घायल लोगों को समय से रक्त न मिल पाने से उनकी मौत हो जाती है। यदि लोग जागरूक होकर रक्त्दान करें तो रक्त की कमी से होने वाली मौतों की संख्या कम हो सकती है। डा. आरडी यादव ने कहा कि रक्तदान करने से मनुष्य और अधिक स्वस्थ रह सकता है। लोगों को दूसरों की जान बचाने के लिए आगे आना चाहिए। इस मौके पर डीटीओ डा. विनोद कुमार, वरिष्ठ परामर्शदाता डा. वीरेंद्र कुमार, डा. सीएम यादव, डा. यूसी चतुर्वेदी, डा. केके दुबे आदि उपस्थित थे।