मैनपुरी। गैस सिलेंडर पाने के लिए अब ग्राहकों को घंटों लाइन में नहीं लगना होगा। उपभोक्ता मोबाइल फोन से किसी भी समय अपनी गैस बुक करा सकेंगे। भारत पेट्रोलियम ने फिलहाल जिले के ग्राहकों को यह सुविधा दी है। हिंदुस्तान पेट्रोलियम भी शीघ्र ही सुविधा शुरू करने जा रही है। इस सुविधा को लेकर ग्राहकों में खुशी है।
पहले गैस बुकिंग के लिए लोगों को घंटों लाइन में लगना पड़ता था। गैस कंपनियां अब ग्राहकों को इस परेशानी से निजात दिलाने के लिए काम कर रही हैं। मोबाइल फोन से 24 घंटे बुकिंग की सुविधा दी गई है। बुकिंग के बाद सिलेंडर घर पर पहुंचने की जानकारी भी ग्राहक को संदेश भेजकर दी जाएगी। जिले में भारत पेट्रोलियम की दो गैस एजेंसी हैं। भारत गैस एजेंसी पर जहां लगभग 30 हजार गैस कनेक्शन हैं वहीं शहीद गैस एजेंसी पर लगभग आठ हजार गैस कनेक्शन हैं।
भारत गैस एजेंसी के संचालक सतीश चौहान का कहना है कि एजेंसी से फोन बुकिंग शुरू करा दी गई है। ग्राहक द्वारा फोन से कराई गई बुकिंग की सूचना उनके पास पहुंच जाती है। उन्हें 24 घंटे के अंदर सिलेंडर उपलब्ध करा दिया जाता है। वहीं, शहीद गैस एजेंसी के धर्मेंद्र कुमार का कहना है कि इससे जहां ग्राहकों को काफी सुविधा मिली है वहीं एजेंसी पर भीड़ कम हो रही है। एचपी गैस एजेंसी के संचालक नरेंद्रनाथ चतुर्वेदी का कहना है कि हिंदुस्तान पेट्रोलियम भी ऑन लाइन बुकिंग शुरू करने जा रही है। उम्मीद है कि 15 दिन में सेवा शुरू हो जाए। वहीं इंडियन गैस एजेंसी आलीपुर खेड़ा के संचालक संतप्रकाश स्वर्णकार का कहना है कि अभी उनके यहां सुविधा शुरू होने की कोई जानकारी नहीं मिली है।
--------
ऐसे होगी गैस बुकिंग
कंपनी के नंबर 9457456789 पर कॉल करें। इसके बाद हिंदी भाषा के लिए एक और अंग्रेजी भाषा के लिए दो नंबर दवाएं। आर्डर बुक कराने के लिए एक नंबर दवाएं। नंबर दबाते ही आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर संदेश आ जाएगा।
----------
रजिस्टर्ड नंबर से ही होगी बुकिंग
आपके गैस सिलेंडर की बुकिंग कोई और नहीं करा सकेगा। रजिस्टर्ड मोबाइल या फोन नंबर से ही बुकिंग होगी। यह नंबर वेबसाइट या वितरक के पास जाकर रजिस्टर्ड करा सकते हैं। रजिस्टर्ड नंबर से ही गैस की बुकिंग होगी। इसी पर गैस सिलेंडर प्राप्त की सूचना भी दी जाएगी।