मैनपुरी/किशनी। थाना किशनी क्षेत्र के बुढ़ौली में मंगलवार शाम जामुन तोड़ने को लेकर हुए विवाद के बाद हुई फायरिंग में घायल युवक ने सैफई में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। युवक के पिता ने गांव के दो भाइयों सहित चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बुढ़ौली निवासी प्रमोद राठौर के बच्चों का जामुन तोड़ने को लकर शिव प्रताप सिंह से विवाद हो गया। शिव प्रताप ने बच्चों की पिटाई कर दी। घर जाकर बच्चों ने जब जानकारी दी तो प्रमोद का पुत्र शिंटू कुछ लोगों के साथ मौके पर पहुंचा। शिंटू और उनके चाचा सर्वेश को सामने देख शिव प्रताप ने लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर दी। फायरिंग की चपेट में आकर शिंटू और सर्वेश घायल हो गए। शिंटू की गंभीर हालत में परिवार वाले सैफई ले गए थे। देर रात उसकी सैफई में उपचार के दौरान मौत हो गई।
बुधवार को शिंटू के पिता प्रमोद ने गांव के पंकज पुत्र शिव प्रताप, शिव प्रताप, तेज प्रताप पुत्र विजय बहादुर, राकेश उर्फ कल्लू पुत्र कुंवरपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में छापे मारे लेकिन आरोपी नहीं मिले। घरों के ताले बंद करके महिलाएं भी चली गईं। पूछताछ के लिए पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने शव अंतिम संस्कार के लिए परिवार वालों को सौंप दिया। सीओ भोगांव आरएन कुशवाहा ने बताया कि आरोपियों को दबोचने के लिए दो टीमें बनाई गई हैं। पुलिस के हाथ आरोपियों के संबंध में कुछ सुराग भी लगे हैं। शीघ्र ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।