मैनपुरी। बैंक से रुपये निकालने के बाद सड़कों पर होने वाली वारदातों को रोकने के लिए पुलिस ने रणनीति तैयार की है। वारदातें रोकने के लिए मुख्य बैंकों पर पुलिस पिकेट बनाई जाएगी। इसके साथ ही लगातार पेट्रोलिंग भी की जाएगी। बैंक के अंदर और बाहर संदिग्ध लोगों की तलाशी लेने के साथ ही बिना नंबर की बाइक पुलिस के निशाने पर रहेंगी।
बैंक से रुपये निकाल कर जाने वालों के साथ आए दिन लूट की वारदातें होती हैं। अधिकांश मामलों में बदमाश बैंक से ही पीछे लग जाते हैं। सुनसान स्थान के साथ ही संपर्क मार्ग पर बदमाश लूट की वारदातों को अंजाम देते हैं। अधिकांश वारदातों में बिना नंबर की बाइकों का प्रयोग किया जाता है। शासन स्तर पर लिए गए निर्णय के बाद जिले में भी कवायद शुरू की गई है। वारदातों पर नियंत्रण पाने के लिए पुलिस ने रणनीति तैयार की है। जिले में मुख्य बैंकों के समीप अब पुलिस पिकेट बनाई जाएगी। इसके साथ ही पुलिस जीपों से पेट्रोलिंग करेगी। मुख्य शाखाओं के बाहर पेट्रोलिंग जीप और पुलिस के जवान भी मौजूद रहेंगे। बैंक के अंदर और बाहर मौजूद संदिग्ध लोगों की तलाशी ली जाएगी। बिना नंबर की बाइक पर सवार युवकों से सघन पूछताछ की जाएगी। बैंक आने का कारण वाहन खरीदने की तिथि की पुष्टि भी की जाएगी। वाहन पर नंबर अंकित न होने का कारण स्पष्ट न होने पर वाहन सीज कर दिया जाएगा।
0000
जिले में हुई लूट की घटनाएं
भोगांव में बैंक से रुपये निकाल कर आ रहे शिक्षक बृजगुप्त जैन से लूट।
किशनी में खाते से रुपये निकाल कर जा रही छात्रा आरती से लूट।
जसवंतनगर बैंक खाते से रुपये निकाल कर जा रहे पूर्व प्रधान से करहल क्षेत्र में लूट।
नगर में पीएनबी खाते से रुपये निकाल कर जा रहे अरविंद शर्मा से लूट।
0000
अधिकारी करेंगे मानीटरिंग: एसपी
एसपी श्रीकांत सिंह का कहना है कि खाता धारकों से लूट रोकने के लिए रणनीति तैयार की गई है। बैंक के अंदर और बाहर पुलिस कर्मी संदिग्धों को चेक करेंगे। बिना नंबर की बाइक पुलिस के निशने पर होंगी। बैंक के आसपास बिना नंबर की बाइक से अकारण घूमने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एएसपी और सभी सीओ अपने सर्किल में अभियान की मानीटरिंग करेंगे।