मैनपुरी/किशनी। अलग-अलग सड़क हादसों में मंगलवार को महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। जानकारी होते ही दोनों के घरों में कोहराम मच गया।
थाना बिछवां के गांव सुल्तानगंज निवासी सियादेवी (28) मंगलवार की सुबह पांच बजे जीटी रोड पार कर रही थीं। तभी एटा की ओर से आई गाजियाबाद डिपो की बस संख्या यूपी14एटी/ 8044 ने उन्हें रौंद दिया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक बस लेकर भाग गया। जानकारी पाकर परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी सूचना मिलते ही पहुंच गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
वहीं, किशनी नगर पंचायत में तैनात सफाई नायक की जनपद कन्नौज क्षेत्र में मार्ग दुर्घटना में मौत हो गई। सफाई नायक रामाधार शाक्य (45) निवासी ग्राम हाजीपुर थाना विधूना जनपद औरैया रविवार को बाइक से सौरिख स्थित अपने मकान पर जा रहे थे। पीछे से तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी। इससे रामाधार गंभीर रूप से घायल हो गए। कानपुर में इलाज के दौरान देर रात रामाधार की मौत हो गई।